Home / राज्य / अमन मणि–पंकज चौधरी की मुलाकात से नौतनवा की राजनीति में हलचल, अटकलों का बाजार गर्म  

अमन मणि–पंकज चौधरी की मुलाकात से नौतनवा की राजनीति में हलचल, अटकलों का बाजार गर्म  

 

महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता 

 

नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी की हालिया मुलाकात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से होने के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि अमन मणि त्रिपाठी ने हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। हालांकि मुलाकात को लेकर दोनों पक्षों की ओर से किसी भी प्रकार की आधिकारिक राजनीतिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर इसे आगामी चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंकज चौधरी का गृह जनपद महराजगंज होने के कारण यह मुलाकात और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में नौतनवा और आसपास की सीटों को लेकर नए राजनीतिक समीकरण बनने की अटकलें तेज हो गई हैं।

गौरतलब है कि अमन मणि त्रिपाठी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र हैं और वे पहले भी अलग-अलग राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहे हैं। वहीं भाजपा नेतृत्व 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय नजर आ रहा है।

फिलहाल इस मुलाकात को लेकर न तो किसी दल में शामिल होने की पुष्टि हुई है और न ही किसी चुनावी रणनीति का खुलासा, लेकिन इतना तय है कि इस एक मुलाकात ने नौतनवा की सियासत को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल