Home / राज्य / हत्या या हादसा? बदायूं की मेंथा फैक्ट्री में तीन गार्डों की संदिग्ध मौत, फैक्ट्री मालिक समेत तीन पर हत्या का केस

हत्या या हादसा? बदायूं की मेंथा फैक्ट्री में तीन गार्डों की संदिग्ध मौत, फैक्ट्री मालिक समेत तीन पर हत्या का केस

बदायूं

जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उझानी थाना क्षेत्र के गांव कूड़ा नरसिंहपुर स्थित एक मेंथा ऑयल फैक्ट्री के केबिन में मंगलवार सुबह तीन सुरक्षाकर्मियों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण फैक्ट्री पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

मृतकों की पहचान जोगेंद्र यादव (30) पुत्र रामबहादुर निवासी बसावनपुर थाना मुजरिया, भानु यादव (26) पुत्र श्रीपाल निवासी मुड़सैना थाना दातागंज और विवेक यादव (28) के रूप में हुई है। तीनों फैक्ट्री में रात की ड्यूटी पर तैनात थे और उनके शव केबिन के अंदर जमीन पर पड़े मिले।

बदायूं के अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार तीनों गार्ड ठंड से बचने के लिए केबिन में अंगीठी जलाकर सो रहे थे, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत होने की आशंका है। हालांकि, मृतकों के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए तीनों की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

फैक्ट्री मालिक के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

सीओ उझानी देवेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की मांग पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फैक्ट्री को सील कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और यह भी जांच की जा रही है कि बंद होने के बावजूद फैक्ट्री दोबारा कैसे चालू हुई। साथ ही पीड़ित परिवारों को मिलने वाले सरकारी मुआवजे की प्रक्रिया भी शुरू कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी

बदायूं पुलिस ने इस मामले में फैक्ट्री मालिक मनोज गोयल, नितेश गोयल और राकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात लोगों पर भी सुनियोजित तरीके से हत्या करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल