मिर्जापुर
जिले में गो तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अपना दल कमेरावादी पार्टी के जिलाध्यक्ष और ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल को गो तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संत नगर थाना पुलिस ने की है। पुलिस ने इस मामले में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है
एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि श्याम बहादुर पटेल पर गौशाला की आड़ में गायों को तस्करों को बेचने का गंभीर आरोप है। जांच में सामने आया है कि वह गौशाला से गायें लादकर बिहार में गो तस्करों को सप्लाई करवाता था। श्याम बहादुर पटेल लालगंज ब्लॉक के सोनबरसा गांव का ग्राम प्रधान होने के साथ-साथ लालगंज ब्लॉक प्रधान संघ का अध्यक्ष भी है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अन्य आरोपियों में दिलीप कुमार राम, निवासी कैमूर भभुआ (बिहार) और राजेश कोल, निवासी उरुवा, लालगंज (मिर्जापुर) शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी श्याम बहादुर पटेल को अपना दल कमेरावादी की विधायक पल्लवी पटेल का नजदीकी बताया जा रहा है। श्याम बहादुर पटेल की तस्वीरें विधायक पल्लवी पटेल और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के साथ भी सामने आई हैं, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। एसपी सोमेन बर्मा ने कहा कि जिले में गो तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह के मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।






