Home / राज्य / पंचायत बैठी सुलह को, शुरू हो गया खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और पथराव में दो महिलाओं समेत नौ घायल  

पंचायत बैठी सुलह को, शुरू हो गया खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और पथराव में दो महिलाओं समेत नौ घायल  

 

मुजफ्फरनगर

गांव छपार निवासी सान्नू और मेरठ के द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी दिलशाद की पुत्री के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय हिंसक झड़प में बदल गई, जब दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट, लाठी-डंडे और पथराव शुरू हो गया। इस घटना में दो महिलाओं सहित कुल नौ लोग घायल हो गए, जबकि मौके पर खड़ी चार कारों के शीशे भी तोड़ दिए गए।

जानकारी के अनुसार, दोनों का विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था। करीब आठ महीने पहले आपसी अनबन के चलते पत्नी मायके लौट गई थी और तभी से वहीं रह रही थी। इसी पारिवारिक कलह को समाप्त करने और आपसी सुलह के उद्देश्य से पंचायत आयोजित की गई थी।

पंचायत शुरू होते ही माहौल गरमा गया और सुलह की बजाय विवाद बढ़ता चला गया। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट और पथराव में तब्दील हो गई। लाठी-डंडों के इस्तेमाल से वहां अफरा-तफरी मच गई।

हिंसक झड़प में छपार से शान, तालिब, असर अली, शाहनूर, शेर अली और शहराना, जबकि मेरठ के द्वारिकापुरी से कैफ, सलमान और सलमा घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल