Home / विदेश / ट्रंप का बड़ा दावा: भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा, अमेरिका से 500 अरब डॉलर का सामान लेगा  

ट्रंप का बड़ा दावा: भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा, अमेरिका से 500 अरब डॉलर का सामान लेगा  

नई दिल्ली/वॉशिंगटन

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद भारत-अमेरिका के बीच एक बड़े ट्रेड डील का ऐलान किया। ट्रंप ने देर रात करीब 10:30 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर दावा किया कि भारत रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गया है।

ट्रंप के मुताबिक, अगर जरूरत पड़ी तो भारत वेनेजुएला से भी तेल खरीदेगा। इसके साथ ही भारत ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 46 लाख करोड़ रुपये (करीब 500 अरब डॉलर) से अधिक का सामान खरीदेगा।

ट्रंप के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा—

“भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद।”

टैरिफ पर राहत का दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले अप्रैल में भारत पर 25% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इसके बाद रूस से तेल खरीदने को लेकर अगस्त में भारत पर अतिरिक्त 25% पेनल्टी टैरिफ का ऐलान किया गया था।

हालांकि, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि भारत पर अब सिर्फ 18% टैरिफ लगेगा और रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया 25% पेनल्टी टैरिफ हटा लिया जाएगा।

भारत की आधिकारिक स्थिति पर सवाल 

हालांकि ट्रंप ने रूस से तेल न खरीदने का दावा किया है, लेकिन भारत सरकार की ओर से अभी तक इस पर कोई औपचारिक और स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल यह दावा अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान तक ही सीमित है।

कूटनीतिक और आर्थिक असर 

अगर भारत वास्तव में रूस से तेल खरीदना बंद करता है, तो यह भारत-रूस संबंधों और भारत की ऊर्जा नीति में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा। साथ ही, अमेरिका के साथ व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को इससे नई गति मिलने की संभावना है। फिलहाल, ट्रेड डील और रूस से तेल खरीद को लेकर अंतिम तस्वीर भारत सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ हो पाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल