बाराबंकी
एक हत्या मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के तुरंत बाद एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर कचहरी परिसर से फरार हो गया। इस घटना से अदालत परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने तत्काल फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मामला सुबेहा थाना क्षेत्र के रोहना मीरापुर गांव का है, जहां 2 अगस्त 2016 को हत्या की वारदात हुई थी। इस मामले में गांव निवासी सूरज पुत्र मुटरू, मुटरू और गुददर को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया था, बाद में सूरज और गुददर को जमानत मिल गई थी, जबकि मुटरू जेल में बंद था। शनिवार को डीजे राकेश कुमार की कोर्ट नंबर दो में तीनों आरोपियों के मामले में सुनवाई हुई। जेल में बंद मुटरू को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट लाया गया, जबकि जमानत पर चल रहे सूरज और गुददर अपने वकील के साथ पेश हुए। लंच के बाद कोर्ट ने तीनों को हत्या का दोषी करार दिया और सजा सुनाने की तारीख 9 फरवरी तय की। कोर्ट द्वारा वारंट तैयार कराने के दौरान मौके का फायदा उठाकर दोषी सूरज फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला।






