महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
शनिवार को आदर्श ग्राम हरिहरपुर में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन आपके द्वार के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने वीबी–जी राम जी योजना, आयुष्मान भारत, फॉर्मर रजिस्ट्री, एसआईआर और पीएम सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया।
चौपाल के दौरान 225 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाएं वितरित की गईं। 16 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, पीएम सूर्यघर के 13 आवेदन कराए गए तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गांवों में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी राहुल सागर सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






