Home / राज्य / हमीरपुर में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, जिला उद्योग कार्यालय के तीन अधिकारी निलंबित

हमीरपुर में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, जिला उद्योग कार्यालय के तीन अधिकारी निलंबित

हमीरपुर

योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत हमीरपुर जिले में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। जिला उद्योग कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन और पत्रावली निस्तारण के नाम पर धन वसूली में संलिप्त पाए जाने पर तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन की कार्रवाई मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी हमीरपुर की संस्तुति पर गठित दो सदस्यीय जांच समिति की आख्या के आधार पर की गई। शासन को शिकायत प्राप्त हुई थी कि जिला उद्योग कार्यालय में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े ऑनलाइन आवेदन, फाइल आगे बढ़ाने और उनके निस्तारण के बदले लाभार्थियों से अवैध रूप से धन की मांग की जा रही है।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन स्तर पर जांच कराई गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए, जिसके बाद शासन ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

निलंबित अधिकारियों में सहायक आयुक्त उद्योग रवि वर्मा, सहायक प्रबंधक संतोष राव और जिला प्रबंधक मिलन कुमार शामिल हैं। जांच आख्या में स्पष्ट किया गया है कि इन अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी कार्यों में अनियमितता बरती और लाभार्थियों से अवैध वसूली की।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल