महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
कुशीनगर जिले से दबिश देकर लौट रहे पुलिसकर्मियों की स्कॉर्पियो गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक दारोगा की मौत हो गई, जबकि पांच पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर पुलिस की स्कॉर्पियो कुशीनगर में दबिश देने के बाद वापस लौट रही थी। इसी दौरान महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरारी चौकी के पास वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में रामगढ़ताल थाना में तैनात दारोगा संतोष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







