बदायूं
जनपद बदायूं में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली–मथुरा हाईवे पर उझानी थाना क्षेत्र में बांके बिहारी लॉ कॉलेज के सामने बारातियों से भरी एक निजी बस की सामने से आ रही रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज चालक सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस दिल्ली से आ रही थी, जबकि निजी बस शादी समारोह के बाद कासगंज जनपद लौट रही थी। यह दुर्घटना उझानी–बरेली हाईवे पर जिरौलिया गांव के पास हुई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 14 वर्षीय कृष्ण (पुत्र रमेश, निवासी वार्ड नंबर 5 कछला, थाना उझानी), 21 वर्षीय सोनू (पुत्र अशोक, निवासी सलेमपुर बीबी, थाना सोरों, कासगंज) और 35 वर्षीय योगेश (पुत्र संजय, निवासी इसेपुर, थाना अमापुर, कासगंज) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां के डॉक्टरों ने चार गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया गया कि यह बारात कासगंज जिले के नगला भम्मा (थाना सहावर) से शाहजहांपुर जिले के थाना कलान क्षेत्र स्थित बाराकलां गांव गई थी। शादी समारोह समाप्त होने के बाद सभी बाराती निजी बस से घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






