महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
लक्ष्मीपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही एक रेल इंजन को संरक्षित (रिजर्व) किया जाएगा।नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ऐतिहासिक रेल धरोहर को सहेजना और नई पीढ़ी को भारतीय रेल के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि चयनित इंजन को स्टेशन परिसर में निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाएगा। इसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण का कार्य रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की देखरेख में किया जाएगा। इंजन के साथ उसकी तकनीकी विशेषताओं और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को इसके बारे में विस्तृत जानकारी मिल सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से स्टेशन की सौंदर्यता में वृद्धि होगी और यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। साथ ही, यह पहल रेलवे की विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र की पहचान और भी मजबूत होगी।





