कानपुर
सचेंडी थाना क्षेत्र के भौंती प्रतापपुर गांव में रविवार तड़के तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे लगे करीब दो दर्जन बिजली के पोल तोड़ दिए। बाद में डंपर एक पेड़ से टकरा गया, जिससे पास के मकान का छज्जा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बंगाली पुरवा, छीतेपुर, गंभीरपुर और पनका गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। ग्रामीणों के अनुसार चालक नशे में था और मौके से फरार हो गया।
बिजली गुल होने से नाराज ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और भाजपा नेता शुभम शुक्ला के नेतृत्व में पास स्थित हरिओम पेपर मिल को बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने फैक्ट्री पर प्रदूषण फैलाने और गंदगी बढ़ाने का आरोप लगाया।
मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक टीम ने लोगों को शांत कराया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सोमवार तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, वहीं एसडीएम फैक्ट्री की जांच करेंगे।





