लखनऊ
आशियाना स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर में बने स्विमिंग पूल में रविवार रात एक 17 वर्षीय इंटर के छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कुशाग्र भूषण के रूप में हुई है, जो अपने बड़े भाई और दोस्तों के साथ नहाने गया था।
परिजनों के अनुसार, कुशाग्र अपने भाई प्रणव और दो अन्य युवकों के साथ पूल में उतरा था। इसी दौरान वह अचानक 14 फीट गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर लाइफगार्ड ने तुरंत उसे बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद एहतियातन स्विमिंग पूल को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुशाग्र पूल में नहाते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल परिजनों या पूल प्रबंधन की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।





