कानपुर
पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके ठिकानों पर फिल्मी अंदाज़ में छापेमारी की। घाटमपुर के रेउना थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम चलाए गए इस ऑपरेशन में भारी पुलिस बल ने एक साथ धावा बोला।
करीब 18 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने पहले ड्रोन के जरिए अपराधियों की लोकेशन ट्रैक की और फिर पूरे इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर दी। पुलिस की इस रणनीति से ठगों को भागने या संभलने का मौका नहीं मिला।
घेराबंदी के दौरान माइक से सख्त चेतावनी दी गई कि सभी अपराधी चारों तरफ से घिरे हुए हैं और भागने या कानून तोड़ने की कोशिश पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस के इस दबाव से गिरोह में भगदड़ मच गई।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बड़ी मात्रा में लैपटॉप, मोबाइल फोन और सैकड़ों सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के अनुसार, प्रतिबिंब पोर्टल पर रेउना थाना क्षेत्र के रठिगांव, लक्ष्मणपुर और समाज नगर जैसे इलाके साइबर ठगी के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित थे।
पुलिस ने पहले सादे कपड़ों में इन गांवों में गुप्त जांच की। जांच में सामने आया कि यहां के कई युवा सुबह खेतों, बागों और झोपड़ियों में बैठकर देशभर के लोगों को कॉल कर ठगी को अंजाम देते थे।






