महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशानुसार नौतनवा तहसील क्षेत्र में संदिग्ध दवा दुकानों के विरुद्ध बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। प्रतिबंधित एवं अवैध दवाओं की बिक्री तथा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में संचालित संदिग्ध दवा दुकानों की सघन जांच की गई। इस दौरान लारी मेडिकल स्टोर, नेशनल मेडिकल स्टोर, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स, शुभम मेडिकल स्टोर, पाठक मेडिकल स्टोर, अनामिका मेडिकल स्टोर तथा कृष्णा मेडिकल स्टोर सहित कुल सात प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने दवा अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस एवं दवाओं की गुणवत्ता की जांच की। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर चार संदिग्ध दुकानों से दवाओं के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए सील कर दिया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि सील किए गए नमूनों को राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच होगी। उन्होंने बताया कि निरीक्षण की आख्या तैयार कर ली गई है और परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी नौतनवा ने कहा कि जिलाधिकारी ने प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न करने के निर्देश दिए हैं तथा अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध दवाओं या अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।छापेमारी अभियान में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






