उन्नाव
नवाबगंज क्षेत्र के रसूलपुर गांव में कथा सुनाने आए एक कथावाचक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश से प्राथमिकी दर्ज तो कर ली गई, लेकिन इसकी जानकारी पीड़ित को नहीं दी गई, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अजगैन कोतवाली के कुंजपुर गांव निवासी कथावाचक अवधेश कुमार लोधी 30 मार्च से 6 अप्रैल तक रसूलपुर में कथा कर रहे थे। कथा के लिए 30 हजार रुपये तय हुए थे। आरोप है कि अंतिम दिन दक्षिणा मांगने पर अनूपादास द्विवेदी और मनीष पांडेय ने उन्हें आश्रम चलकर पैसे देने की बात कही और कार में बैठाकर लखनऊ ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि वहां आरोपियों ने शराब पी और उन्हें भी पिलाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और सोने की चेन व सात हजार रुपये छीन लिए गए। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भाग निकले।
घटना की शिकायत सोहरामऊ थाने में देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद शुक्रवार रात चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। शनिवार को सपा नेता आंचल वर्मा के साथ थाने पहुंचने पर उन्हें इसकी जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि मारपीट, धमकी और हत्या के प्रयास जैसी धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।





