नोएडा
सोमवार सुबह सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर वर्कर्स का प्रदर्शन उग्र हो गया। अलग-अलग इलाकों में छोटे-छोटे समूहों में जुटे कर्मचारियों ने 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों में पथराव और तोड़फोड़ की। इस दौरान 150 से अधिक गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि करीब 50 से ज्यादा वाहनों में आग लगा दी गई।
प्रदर्शन के दौरान हालात तब और बिगड़ गए जब पुलिस ने कई वर्कर्स को घसीटते हुए बसों में डालकर हिरासत में लिया। आरोप है कि फैक्ट्रियों को खाली कराने के दौरान कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई।
हाथों में डंडे लेकर सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी जुलूस निकालते नजर आए। प्रदर्शनकारी वर्कर्स का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, वे आंदोलन जारी रखेंगे। खास बात यह है कि इस पूरे प्रदर्शन का कोई एक चेहरा या नेता सामने नहीं है, बल्कि अलग-अलग समूहों में वर्कर्स आंदोलन कर रहे हैं।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने जांच के लिए एक हाईलेवल कमेटी का गठन कर दिया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।





