मुड़ली से श्रीनरायन गुप्ता
महराजगंज कंपोजिट विद्यालय मुड़ली में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र चौधरी ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने उनके जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और सामाजिक समानता का संदेश दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं,जिनमें डॉ. अंबेडकर के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके योगदान को दर्शाया गया। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया।
प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र चौधरी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, न्याय और शिक्षा का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।





