बरेली
शहर में मंगलवार को भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्या के अस्पताल में एक्स-रे के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग के ऊपर अचानक एक्स-रे मशीन गिर गई। मशीन की चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग पेट दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल पहुंचे थे। चिकित्सकीय जांच के बाद उनका एक्स-रे कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन उनके ऊपर जा गिरी। हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घबरा गए।
मृतक की बेटी ने अस्पताल के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद बुजुर्ग काफी देर तक तड़पते रहे, लेकिन स्टाफ ने तत्काल मदद नहीं की और वहां से चले गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एक्स-रे मशीन कैसे गिरी और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही हुई। मामले में परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।






