Home / विकास कार्य / रोडवेज बस ने ट्रक में मारी टक्कर, चालक की मौत; 14 यात्री घायल

रोडवेज बस ने ट्रक में मारी टक्कर, चालक की मौत; 14 यात्री घायल

 

गोरखपुर

बेलीपार थाना क्षेत्र के बाघागाड़ा में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। दुर्घटना में बस चालक समेत 15 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 14 यात्रियों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बताया गया कि काशी डिपो की रोडवेज बस करीब 37 यात्रियों को लेकर वाराणसी से गोरखपुर की ओर आ रही थी। बाघागाड़ा के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक दयाशंकर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही बेलीपार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम बसहुपुर, सेवापुरी, वाराणसी निवासी दयाशंकर यादव के रूप में हुई।

एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली और उनके उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल