नई दिल्ली
नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर गंभीर आरोप लगाने वालीं डॉ. रोहिणी घावरी करीब छह साल बाद शुक्रवार को भारत लौट आईं। स्विट्जरलैंड से दिल्ली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू, हिंदूवादी नेता दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित समेत अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।
भारत लौटने के बाद रोहिणी घावरी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत आने के बाद उन्हें किसी तरह की अनहोनी की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि उनके साथ कोई हमला या अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद जिम्मेदार होंगे।
रोहिणी और चंद्रशेखर आजाद के बीच पूर्व में संबंध होने की बात सामने आई थी। बाद में रोहिणी ने चंद्रशेखर पर यौन शोषण समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। आरोपों को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद भी सामने आया था। विवाद बढ़ने के बाद रोहिणी लंबे समय तक स्विट्जरलैंड में रहीं।
अब करीब छह साल बाद भारत लौटने के बाद उन्होंने कहा कि वह यहां रहकर अपना पक्ष सार्वजनिक रूप से सामने रखना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की उम्मीद जताई है। उनके भारत लौटने के बाद चंद्रशेखर आजाद से जुड़े पुराने आरोपों और विवाद ने एक बार फिर राजनीतिक व सामाजिक स्तर पर चर्चा शुरू कर दी है।





