कोल्हुई महराजगंजसे श्रीनरायन गुप्ता
थाना क्षेत्र के जंगल गुलरिहा गांव में घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के अधिकांश जेवरात बरामद करने का दावा किया है।
जंगल गुलरिहा निवासी मंशा देवी पत्नी स्वामीनाथ मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे वह परिवार के साथ जंगल के किनारे स्थित पाही पर खेती-बारी का काम करने गई थीं। शाम करीब सात बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर रखे बक्से की कुंडी भी टूटी थी। जांच करने पर बक्से में रखी सोने की नथिया, अंगूठी, बच्चे का ओम वाला लाकेट, चांदी की पायल, पाजेब, करधन, बिछिया और चांदी की चेन गायब मिली।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचक उपनिरीक्षक हरीश कुमार मौर्य की टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 सितंबर को जंगल गुलरिहा से बिंदू पुत्री रमेश मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसके पास से पीली धातु की नथिया, अंगूठी व ओम वाला लाकेट तथा चांदी की पाजेब, करधन, आठ बिछिया, चेन और पायल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपित युवती की उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। टीम में उपनिरीक्षक हाकिम चंद, हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न कुमार, कांस्टेबल सतीश चौधरी, बबलू यादव, जगदीश पटेल, महिला कांस्टेबल सोनी कुमारी और पिंकी शामिल रहीं।







