हुबली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की शनिवार को कर्नाटक दौरे के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग के कारण उन्हें उल्टियां होने के साथ कमजोरी महसूस हुई। चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने हुबली और बेलगावी में प्रस्तावित कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं लिया।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि शाह की तबीयत खराब होने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी। शाह को हुबली में KLE मेडिकल कॉलेज की नई शैक्षणिक इमारत और 1,200 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन करना था। उनकी अनुपस्थिति में अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम पूरा किया।
तबीयत खराब होने के बाद शाह होटल में ही रहे और चिकित्सकों ने उनकी निगरानी की। हालांकि, शाम को स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्होंने परिसर का संक्षिप्त दौरा किया। इसके बाद करीब 6:20 बजे विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो गए।
प्रल्हाद जोशी के अनुसार, उल्टियों के कारण कमजोरी जरूर आई थी, लेकिन बाद में शाह की हालत में सुधार हुआ और वह अब ठीक हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्हें अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया।







