गोरखपुर
जिला अस्पताल गोरखपुर में भर्ती अपनी बड़ी बहन को भोजन देकर घर लौट रही 10 वर्षीय बच्ची मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डायल-112 से निलंबित सिपाही अभिषेक यादव पर बच्ची के कथित अपहरण का संदेह जताया है। आरोपित घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बच्ची रात करीब नौ बजे जिला अस्पताल से अपने घर के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने अस्पताल परिसर और आसपास काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में भर्ती 13 वर्षीय बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि पुलिस की वर्दी पहने एक युवक ने पहले उनसे पता पूछा और बाद में बच्ची को बाइक से घर छोड़ने की बात कहकर अपने साथ ले गया।
पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान डायल-112 से निलंबित सिपाही अभिषेक यादव के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित पूर्व में रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक बंगाली युवती के कथित अपहरण के मामले में भी जेल जा चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश में जुटी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की सकुशल बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।







