सिद्धार्थनगर
जिले के खुनियांव ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत रमवापुर उर्फ विशुनपुर में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी तेज आंधी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आई आंधी के कारण टंकी का ऊपरी हिस्सा टिल्ट हो गया और जिंक एलम सामग्री का भाग टूटकर नीचे लटकने लगा। राहत की बात यह रही कि घटना के समय काम कर रहे मजदूर पहले ही नीचे उतर चुके थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
अधिशासी अभियंता संजय जायसवाल ने बताया कि टंकी का निर्माण कार्य अभी जारी था और ऊपरी हिस्से में बोल्टिंग का काम चल रहा था। तेज हवा के दबाव और अधूरी बोल्टिंग के कारण यह स्थिति बनी। इस टंकी का निर्माण लगभग 32.41 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है और इसकी भंडारण क्षमता 1.5 लाख लीटर है।
घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।





