Home / Uncategorized / पीएम श्री विद्यालय में धार्मिक शिक्षा का आरोप, तीन शिक्षक निलंबित; दो पर एफआईआर  

पीएम श्री विद्यालय में धार्मिक शिक्षा का आरोप, तीन शिक्षक निलंबित; दो पर एफआईआर  

संभल

जिले के एक पीएम श्री विद्यालय में छात्रों को कथित रूप से धार्मिक शिक्षा देने और उनका ब्रेनवॉश करने के आरोप में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर प्रधानाध्यापक समेत तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं दो शिक्षकों के खिलाफ थाना नखासा में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में धार्मिक गतिविधियों और आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़े कुछ वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया और छात्रों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि विद्यालय में नियमित शैक्षिक गतिविधियों के बजाय कथित तौर पर मजहबी शिक्षा दी जा रही थी।

प्रशासन ने इसे शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009, संविधान के अनुच्छेद-28 तथा उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 का उल्लंघन माना है। मामले में प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद और सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

इसके अलावा शैक्षिक कार्यों में लापरवाही और निगरानी में कमी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की धार्मिक या भड़काऊ गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल