पुरन्दरपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में बनी पुलिया के नीचे पानी में एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान गिरिजेश कुमार यादव (45) पुत्र जगदंबा प्रसाद यादव निवासी बढ़या के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना शनिवार रात करीब 9:05 बजे दूरभाष के माध्यम से मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के भाई बृजेश कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि गिरिजेश शराब का आदी था और पहले भी पुलिया के पास एक-दो बार गिर चुका था। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह से ही वह नशे में था। देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई। इसी दौरान पुलिया के नीचे पानी में उसका शव पड़ा मिला।
पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।






