लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
कोल्हुई थाना क्षेत्र में गुरचियां गांव के पास रविवार को हाईवे किनारे कीचड़ में करीब 70 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लेखपाल राजेश सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि हाईवे से सटे कीचड़ में एक बुजुर्ग व्यक्ति पड़ा हुआ है। वह शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर दिखाई दे रहा था और कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल उसे एंबुलेंस से सीएचसी लक्ष्मीपुर भेजा गया।
चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। पंचायतनामा की कार्रवाई के साथ मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






