बुलंदशहर
Bulandshahr। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन परिसर में सोमवार सुबह चैंबर को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। शुरुआत कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक की नौबत आ गई। घटना से बार परिसर में हड़कंप मच गया।
आरोप है कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव अपने आठ-दस समर्थकों के साथ पहुंचे और कांग्रेस जिलाध्यक्ष Zia-ur-Rahman के पिता अधिवक्ता इमामुद्दीन तथा उनके साले रऊफ पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने दोनों पर गोली चलाई, जिससे बार परिसर में अफरा-तफरी फैल गई।
मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम बार एसोसिएशन परिसर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




