विजनौर
बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित रहमापुर गांव में सोमवार देर रात कथित मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी गांव विश्नोईवाला के भाजपा नेता सुरेश भगत और उनके समर्थकों ने एक परिवार के घर में घुसकर हमला किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध करते हुए आरोपियों को घेर लिया, जिसके चलते वे अपनी कारें और ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रहमापुर निवासी मोहित कुमार का विवाद गांव विश्नोईवाला निवासी भाजपा नेता सुरेश भगत के पुत्र अंकुल से रास्ते में खड़ी लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर हुआ था। उस समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि देर रात सुरेश भगत अपने समर्थकों के साथ मोहित के घर पहुंचे और घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर मोहित की मां और पत्नी ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगे। इस दौरान वे अपने कुछ वाहन मौके पर ही छोड़ गए।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर भाजपा नेता सुरेश भगत समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कोतवाली देहात पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





