महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के मल्हनी फुलवरिया में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, एक लूटी गई अपाचे बाइक समेत घटना में प्रयुक्त कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में पुरन्दरपुर पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
बताया गया कि 14 मई को मल्हनी फुलवरिया के पास बदमाशों ने अपाचे बाइक सवार सराफा व्यवसायी रंजीत सोनी को रोककर अंग्रेजी शराब की बोतल से हमला किया और बाइक व जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। मामले में थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि घटना का मुख्य साजिशकर्ता सनोज वर्मा था। उसने अपने साथियों समीर अहमद, राजन उर्फ भोलू मौर्या, मुकेश कुमार और बाल अपचारियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। घटना से पहले कई दिनों तक बाल अपचारियों द्वारा व्यवसायी की रेकी की गई थी और दुकान खोलने-बंद करने व आने-जाने की जानकारी आरोपितों को दी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपितों ने लूटी गई ज्वेलरी को पहचान छिपाने के लिए गलाने का प्रयास किया। सभी आरोपी माल के बंटवारे के लिए सोमवार रात मधुकपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपितों में इलाहाबास टोला श्रीनगर निवासी सनोज वर्मा, दुबौलिया हरपुर दर्जी टोला निवासी समीर अहमद, मैनहवा टोला मंझरिया निवासी राजन उर्फ भोलू मौर्या तथा मटियहनवा टोला मुर्दहिया निवासी मुकेश कुमार शामिल हैं।पुलिस ने आरोपितों के पास से 799 ग्राम चांदी,1.3 ग्राम सोना, लूटी गई अपाचे बाइक समेत चार अन्य मोटरसाइकिलें, कटर और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है। वहीं, सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।





