नई दिल्ली
संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को एक असामान्य राजनीतिक तस्वीर देखने को मिलेगी। सत्ता पक्ष के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसद संसद भवन के मकर द्वार पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए सभी NDA सांसदों को सुबह 10:30 बजे मकर द्वार पर एकत्र होने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और विभिन्न मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया जाएगा। संसद के भीतर और बाहर इसे लेकर राजनीतिक माहौल गर्म रहने की संभावना है। भारतीय संसदीय परंपरा में आमतौर पर विपक्ष सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करता है, लेकिन सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष के खिलाफ इस तरह का प्रदर्शन बेहद कम देखने को मिलता है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पश्चिम बंगाल जैसे कुछ राज्यों को छोड़ दें तो देश में सत्ता पक्ष का विपक्ष के खिलाफ इस तरह सड़क या संसद परिसर में प्रदर्शन करना असामान्य माना जाता है। इस घटनाक्रम के बाद संसद परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ने के आसार हैं।







