Home / राज्य / बिहार चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर तीन बजे तक 60.40% मतदान, कई जिलों में उत्साह, कहीं बहिष्कार तो कहीं विवाद

बिहार चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर तीन बजे तक 60.40% मतदान, कई जिलों में उत्साह, कहीं बहिष्कार तो कहीं विवाद

 

 

पटना की खबर 

 

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक राज्य में 60.40 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।पश्चिम चंपारण में 61.99%, पूर्वी चंपारण में 61.92%, शिवहर में 61.85%, सीतामढ़ी में 58.32%, मधुबनी में 55.53%, सुपौल में 62.06%, अररिया में 59.80%, किशनगंज में 66.10%, पूर्णिया में 64.22%, कटिहार में 63.80%, भागलपुर में 58.37%, बांका में 63.03%, कैमूर (भभुआ) में 62.26%, रोहतास में 55.92%, अरवल में 58.26%, जहानाबाद में 58.72%, औरंगाबाद में 60.59%, गया में 62.74%, नवादा में 53.17% तथा जमुई में 63.33% मतदान हुआ है।

*गाड़ी पर जदयू का झंडा देखकर आक्रोशित हुए लोग :-

रोहतास जिले के नोखा विधानसभा क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नागेंद्र चंद्रवंशी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वे अपने वाहन (संख्या BR 24 PA 4901) पर जदयू का झंडा लगाकर बूथ-बूथ घूमते नजर आ रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया है कि यह आचार संहिता का उल्लंघन है और निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की है।

*मंत्री जयंत राज ने परिवार संग डाला वोट, की मतदान की अपील :-

भवन निर्माण मंत्री एवं जदयू प्रत्याशी जयंत राज कुशवाहा ने अमरपुर विधानसभा क्षेत्र में अपने परिवार संग मतदान किया। उन्होंने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की और कहा कि “लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी अपनी सहभागिता निभाएं।” जयंत राज ने विश्वास जताया कि एनडीए के पक्ष में भारी मतदान हो रहा है और वे भारी बहुमत से विजयी होंगे।

*कोसी क्षेत्र में नाव से पहुंचे मतदाता :-

सुपौल जिले के निर्मली विधानसभा क्षेत्र में कोसी नदी पार कर मतदाता नावों से मतदान केंद्रों तक पहुंचे। बारिश और बाढ़ के कारण अन्य परिवहन साधन उपलब्ध नहीं होने से लोग नावों पर ओवरलोड होकर वोट डालने पहुंचे, जिससे लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता और जिम्मेदारी झलकती है।

*जीतन राम मांझी बोले – 160 सीटों पर NDA की जीत तय :-

गया के महकार में मतदान के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दावा किया कि एनडीए 160 सीटों पर जीत दर्ज करेगा और नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन की सरकार की संभावना दूर-दूर तक नहीं है।” मांझी ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे “ख्याली पुलाव बना रहे हैं।”

रोहतास में वोट बहिष्कार, ग्रामीण बोले – पहले स्कूल फिर वोट :-

रोहतास जिले के रोझईं गांव में ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। बच्चे और ग्रामीण नारे लगाकर विरोध जता रहे हैं। प्रशासन की टीम उन्हें मनाने में जुटी है, लेकिन दोपहर दो बजे तक किसी ने वोट नहीं डाला। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चुनाव में भी आश्वासन मिला था, पर स्कूल अब तक नहीं बना, इसलिए इस बार “पहले स्कूल, फिर वोट” के नारे के साथ बहिष्कार जारी है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल