पुट्टपर्थी (आंध्र प्रदेश)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी पहुंचे, जहाँ उन्होंने श्री सत्य साईं बाबा की जन्म शताब्दी समारोह में भाग लिया। इस कार्यक्रम में उनके साथ अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय बच्चन, क्रिकेट आइकन सचिन तेंदुलकर, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, जी. किशन रेड्डी सहित कई दिग्गज मौजूद रहे। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पारंपरिक सॉल पहनाकर प्रधानमंत्री का सम्मान किया। समारोह के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें ऐश्वर्या राय को पीएम मोदी के पैर छूते हुए देखा गया। यह दृश्य उपस्थित लोगों और इंटरनेट यूज़र्स का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
कार्यक्रम में ऐश्वर्या राय ने एक प्रभावशाली भाषण दिया जिसमें उन्होंने जाति, धर्म और मानवता पर बात की। उन्होंने कहा, “एक ही जाति है—मानवता की जाति, एक ही धर्म है—प्रेम का धर्म। एक ही भाषा है—हृदय की भाषा।” उन्होंने पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके विचार हमेशा प्रेरणादायक रहे हैं और वह उनके संबोधन की प्रतीक्षा कर रही थीं।
ऐश्वर्या ने अपने भाषण में बताया कि सत्य साईं बाबा की शिक्षाएँ जीवन में अनुशासन, समर्पण, भक्ति, दृढ़ संकल्प और विवेक का महत्व बताती हैं। ऐश्वर्या का इस कार्यक्रम में शामिल होना किसी राजनीतिक मकसद से नहीं था, बल्कि उनका सत्य साईं बाबा से गहरा आध्यात्मिक संबंध है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने जीवन के कई बड़े फैसले बाबा की सलाह पर लिए, जिनमें अभिषेक बच्चन से विवाह का निर्णय भी शामिल है।







