कानपुर
शिवली–कल्याणपुर मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बैरी गांव के सांचुला माता मंदिर के पास एक ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य को सुरक्षित बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवली पहुंचाया गया। हादसे के बाद से कार चालक लापता बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवास विकास कल्याणपुर-3 निवासी राजकिशोर अग्निहोत्री अपने परिवार के साथ ईको कार से सास की त्रियोदशी संस्कार में शामिल होने औरैया के सहायल गांव गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोग वापस कानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7:40 बजे शिवली–कल्याणपुर मार्ग पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे तालाब में जा गिरी।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और सभी को शिवली सीएचसी भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता (55), बहू राखी उर्फ हिमांशू अग्निहोत्री (35) और पौत्र शिव (2) को मृत घोषित कर दिया।
वहीं कृतिका अग्निहोत्री (30), सुधा (45) पत्नी संजय वाजपेई, वानी अग्निहोत्री (3) पुत्री अंकुर, कान्हा (4) पुत्र संजय और सुधांशु (24) पुत्र राजकिशोर घायल अवस्था में सीएचसी लाए गए, जहां उनका इलाज जारी है।





