जैसलमेर से श्रीनरायन गुप्ता
राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हुआ। जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 20 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 15 यात्री झुलसकर घायल हो गए। हादसा दोपहर लगभग 3:30 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से कूदने की कोशिश की, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि बस के पिछले हिस्से में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। हालांकि, पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है। बस जैसलमेर से जोधपुर की ओर जा रही थी और हादसा पोकरण के पास हुआ बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रक्रिया जारी है। अधिकांश शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण पहचान में नहीं आ पा रहे हैं। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं ताकि परिजन संपर्क कर सकें।






