लखीमपुर खीरी
सोमवार को कचहरी खुलते ही परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई, जब आपसी विवाद के दौरान एक वकील ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वकील विराट राज और उनके चचेरे भाई जितेंद्र राज के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया था, लेकिन कुछ ही मिनट बाद दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।
इसी दौरान आरोप है कि विराट राज ने तमंचे से जितेंद्र राज पर फायर कर दिया। गोली पेट में लगते ही जितेंद्र वहीं तख्त पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जबकि आरोपी विराट मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों भाई कचहरी परिसर में पास-पास ही प्रैक्टिस करते थे। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे खेत की मेड़ को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही एएसपी विवेक तिवारी और एएसपी पूर्वी पवन गौतम मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। इसके बाद एसपी डॉ. ख्याति गर्ग और दुर्गा शक्ति नागपाल भी घटनास्थल पर पहुंचीं।





