लखीमपुर खीरी
आंबेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को लखीमपुर खीरी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर एक ही समाज के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। झड़प और छीना-झपटी के दौरान प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए हालात पर जल्द ही काबू पा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय के अनुसार, भीम आर्मी के कार्यकर्ता एक स्थान पर बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान उसी समाज के दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़कर झड़प में बदल गई। छीना-झपटी के दौरान प्रतिमा को नुकसान पहुंचा। इस बीच अफवाहों के चलते कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया।
स्थिति बिगड़ते देख जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।





