रूदलापुर से श्रीनरायन गुप्ता
जनपद के रुदलापुर, कोल्हुई में स्थित केनफाउंट एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में एक गरिमामय और भावुक माहौल बन गया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अजय कुमार रामचन्द्रन, प्रिया पी.एन., प्रधानाचार्य सौरभ चौधरी तथा सहायक अध्यापक राधेश्याम पाण्डेय ने मंच से विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह विदाई केवल एक पड़ाव है, असली यात्रा अब शुरू होती है। उन्होंने छात्रों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें नृत्य, गीत प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने भी अपने विद्यालय के अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कई छात्र-छात्राएं भावुक हो उठे और विद्यालय से जुड़ी यादों को साझा करते हुए आंखें नम हो गईं।
समारोह में “मिस्टर फेयरवेल” और “मिस फेयरवेल” जैसे विभिन्न पुरस्कार भी वितरित किए गए, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और बढ़ गया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय का पूरा वातावरण उत्साह, भावनाओं और शुभकामनाओं से सराबोर रहा।
यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया, जिसमें उन्होंने अपने स्कूल जीवन के अनमोल पलों को संजोते हुए नए भविष्य की ओर कदम बढ़ाया।







