महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
ग्राम पंचायत करैला अजगरहा में डीजे पर नृत्य को लेकर हुए विवाद के कारण एक शादी टूटने की कगार पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस की तत्परता, सूझबूझ से विवाह सकुशल सम्पन्न कराया गया। पुलिस के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।
कोल्हुई थान्हा क्षेत्र करैला अजगरहां निवासी चैतु प्रसाद की पुत्री कुमारी सुन्दरी की विवाह ग्राम टेढ़ी थाना पुरन्दरपुर निवासी सिकन्दर कुमार पुत्र राम शिवप्रसाद के साथ तय था।शनिवार को द्वार पूजा के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर वर और कन्या पक्ष के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हा पक्ष बारात लेकर वापस अपने गांव लौट गया।
घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से थाना कोल्हुई पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और करीब आठ किलोमीटर दूर ग्राम टेढ़ी पहुंचकर दूल्हा पक्ष एवं परिजनों से शांतिपूर्ण वार्ता की। पुलिसकर्मियों ने समझाया दोनों पक्षों को रिश्ते की महत्ता बता माहौल को शांत कराया।पुलिस के सकारात्मक प्रयासों और ग्रामीणों के सहयोग से दूल्हा पक्ष पुनः बारात लेकर विवाह स्थल पहुंचा। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में विवाह की सभी रस्में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई गईं तथा दुल्हन की विदाई भी सकुशल हुई।शादी सम्पन्न कराने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी,हेड कांस्टेबल रमेश यादव, कांस्टेबल सतीश चौधरी,कांस्टेबल जगदीश पटेल एवं कांस्टेबल बबलू यादव सहित पूरे की क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।इस संदर्भ में प्रभारी थाना निरीक्षक अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनो पक्षों समझा बुझाकर शादी करा दिया गया।






