फिरोजाबाद
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। फिरोजाबाद के मटसेना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 46 के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही डबल डेकर प्राइवेट बस आगे चल रहे बालू से लदे डंपर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में बस चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर समेत कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में कंडक्टर की भी मौत होने की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि डंपर अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकरा गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस उससे जा भिड़ी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को संयुक्त चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।





