बस्ती
कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवनगर तुर्कईया मोहल्ले में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री महेश शुक्ला और मान्यता प्राप्त पत्रकार विपिन त्रिपाठी के बीच कहासुनी का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़ित पत्रकार ने मंत्री पर जान से मारने की धमकी देने और हाथापाई का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है.
कोतवाली प्रभारी मोती चंद राजभर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और वायरल वीडियो भी संज्ञान में लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पीड़ित विपिन त्रिपाठी के अनुसार, उन्होंने राहगीरों की सुविधा के लिए अपने घर के सामने कीचड़ भरे रास्ते पर मलबा डलवाया था. इसी बात से नाराज होकर मंत्री महेश शुक्ला अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर हाथापाई की गई. वहीं, विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि परिवार को जिंदा दफन करने तक की धमकी दी गई, जिससे परिवार दहशत में है.






