कोल्हुई महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल के प्रयासों के बाद कोल्हुई क्षेत्र की विभिन्न जनहितकारी मांगों पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर विकासखंड बृजमनगंज के अवर अभियंता कमलेश कुमार ने सोमवार को क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों का पुनः सर्वे किया।
गौरतलब है कि व्यापार मंडल की ओर से कोल्हुई बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पशु चिकित्सालय के समीप लगभग 90 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थापना तथा राजकीय पशु चिकित्सालय भवन के नवीनीकरण समेत कई जनहित से जुड़ी मांगें उठाई गई थीं। इन मांगों को हाल ही में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से प्रमुखता से रखा गया था।
ज्ञापन में बताया गया था कि सार्वजनिक शौचालय के अभाव में व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं पशु चिकित्सालय के निकट जर्जर सड़क से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग भी की गई थी।
प्रिन्स जायसवाल के अनुरोध पर पूर्व में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए पशु चिकित्सालय परिसर में भूमि का चिन्हांकन कराया जा चुका है। साथ ही पशु चिकित्सालय भवन के नवीनीकरण संबंधी प्रस्ताव पर विभागीय अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया गया था। पूर्व जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सार्वजनिक शौचालय, पशु चिकित्सालय एवं आरसीसी सड़क निर्माण के प्रस्ताव को विकासखंड बृजमनगंज की कार्ययोजना में शामिल किया जा चुका है।
इसी क्रम में अवर अभियंता कमलेश कुमार ने पशु चिकित्सालय परिसर में प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालय स्थल तथा मोहम्मद नईम के मकान से मिथलेश कुमार बरनवाल के खेत तक प्रस्तावित आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का पुनः सर्वेक्षण किया।सर्वेक्षण के दौरान व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नदीम अहमद अब्बासी, कोल्हुई उद्योग व्यापार मंडल के सलाहकार लालजी वर्मा, अमित ओझा, सुनील मद्धेशिया सहित अन्य स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रिन्स जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास, व्यापारियों की सुविधाओं और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ही इन जनहितकारी परियोजनाओं को स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।






