लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
वन महोत्सव के अवसर पर लक्ष्मीपुर रेंज द्वारा पूर्व माध्यमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर कैथवलिया में शनिवार को जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों को जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय वन अधिकारी लक्ष्मीपुर, ग्राम प्रधान श्री दिनेश त्रिपाठी एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके उपरांत पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों एवं वन विभाग के कर्मचारियों ने जागरूकता झांकी निकाली। झांकी के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘आम भंडारा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को आम के पौधों का वितरण भी किया गया। उन्हें अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर हरित पर्यावरण के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए।
कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।






