हरदोई
संवाददाता। पचदेवरा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिद्धार्थनगर के बांसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
यह दुर्घटना भाहपुर सपहा गांव के पास रविवार तड़के करीब दो बजे हुई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे में छह बच्चों समेत करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में चल रहा है।
बस में सवार अधिवक्ता विनय कुमार यादव ने बताया कि चालक यात्रा के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घायलों में सुनील कुमार, अमित कुमार, कृष्ण मोहन, गीता यादव, विनय कुमार यादव, विशाल, अनिल, सचिन, कृष्णा पांडेय, बनवारीलाल, राहुल यादव, राहुल पाठक, शहजाद, अजय, तबस्सुम, राजेश, अंशिका, आंचल, मोहन कुमार, अकबर अली, मुन्ना, हैदर अली, साजिद, अफजल और मनोज पाठक सहित कई अन्य यात्री शामिल हैं। अधिकांश यात्री सिद्धार्थनगर और बस्ती जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही बस की तकनीकी स्थिति और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






