महराजगंज सै श्रीनरायन गुप्ता
सदर ब्लाक के बागापार क्षेत्र में राजकीय पशु चिकित्सालय अथवा पशु चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन ने बुधवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर क्षेत्र में जल्द पशु अस्पताल खोलने की मांग की।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि बागापार क्षेत्र के ग्रामीणों की आजीविका का बड़ा हिस्सा पशुपालन पर निर्भर है। गाय, भैंस और बकरी समेत अन्य पशुओं के बीमार होने पर समय से उपचार और टीकाकरण की सुविधा नहीं मिल पाने के कारण पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार गंभीर बीमारी के चलते पशुओं की जान भी चली जाती है।
रवींद्र जैन ने बताया कि क्षेत्र में खुरपका-मुंहपका, गलघोंटू, लंगड़िया, थनैला, मिल्क फीवर, फड़किया, चेचक और निमोनिया जैसी बीमारियों से पशुओं को बचाने के लिए समय पर चिकित्सा सुविधा और टीकाकरण बेहद जरूरी है। वर्तमान में पशुपालकों को इसके लिए दूर-दराज के पशु चिकित्सालयों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे विशेषकर छोटे और गरीब पशुपालकों को काफी परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि बागापार, बेलवाकाजी, बरगदवा राजा, केवलापुर खुर्द, परासखांड़, विजयपुर, बड़हरा राजा, कटहरा समेत आसपास के दर्जनों गांवों के पशुपालकों की सुविधा को देखते हुए बागापार में राजकीय पशु चिकित्सालय की स्थापना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इस दौरान दीपक जायसवाल, रामहरख, भुलई, धर्मेंद्र यादव, रोहित प्रसाद, अवधेश कुमार, मिथिलेश सिंह, संतोष यादव आदि मौजूद रहे।
—————






