Home / अपराध / रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर से 12वीं के छात्र की मौत, जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर से 12वीं के छात्र की मौत, जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित

 

गोरखपुर

रामगढ़ताल में रविवार देर शाम नौकायन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 12वीं के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है और सूर्यास्त के बाद बोटिंग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर निवासी कयामुद्दीन अंसारी अपने परिवार के साथ रामगढ़ताल घूमने आए थे। शाम करीब आठ बजे परिवार के सात सदस्य प्लेटफॉर्म नंबर-5 से नाव पर सवार होकर बोटिंग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्पीड बोट ने उनकी नाव को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव में सवार लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने 12वीं के छात्र लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कयामुद्दीन सहित अन्य परिजनों को भी चोटें आई हैं, जबकि एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट बताई गई है।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि हादसे की जांच के लिए जीडीए, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सूर्यास्त के बाद रामगढ़ताल में बोटिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि हादसे में कोई नाव नहीं पलटी, लेकिन स्पीड बोट की टक्कर से लखमुद्दीन के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक नाव चालक को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे चालक की तलाश जारी है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल