गोरखपुर
पूर्वोत्तर रेलवे की प्रमुख ट्रेनों में शामिल 15566 वैशाली एक्सप्रेस सोमवार को गोरखपुर स्टेशन पर करीब 50 मिनट तक खड़ी रही। गार्ड यान में बैठने के लिए कुर्सी उपलब्ध नहीं होने पर ट्रेन मैनेजर ने ड्यूटी करने में असमर्थता जताई। काफी देर तक कुर्सी की व्यवस्था नहीं होने के बाद उन्होंने स्टेशन अधीक्षक को मेमो सौंपकर ट्रेन रवाना कराई।
नई दिल्ली से ललितग्राम जा रही वैशाली एक्सप्रेस के गोरखपुर पहुंचने पर ट्रेन मैनेजर रामाशीष दास ने चार्ज संभाला। गार्ड यान में कुर्सी नहीं मिलने पर उन्होंने स्टेशन प्रबंधन से इसकी व्यवस्था कराने को कहा। व्यवस्था होने तक वह प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़े रहे। करीब 50 मिनट बाद भी कुर्सी नहीं मिलने पर उन्होंने लिखित मेमो दिया और ट्रेन आगे बढ़ाई।
देवरिया पहुंचने पर उनकी शिकायत पर उन्हें बैठने के लिए छोटा टेबल उपलब्ध कराया गया। इसके बाद उन्होंने बरौनी तक उसी के सहारे ड्यूटी पूरी की।
वैशाली एक्सप्रेस के विलंब से पीछे आ रही लखनऊ-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस भी प्रभावित हुई और करीब एक घंटे देरी से गोरखपुर पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गार्डों के अनुसार गार्ड यानों में लंबे समय से कुर्सी समेत अन्य जरूरी सुविधाओं का अभाव है। मालगाड़ियों के गार्ड यानों की स्थिति भी इससे खराब बताई जा रही है।






