बुलंदशहर
पूर्व विधायक एवं सपा नेता श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित एक बार फिर विवादों में हैं। उनकी तीसरी पत्नी और कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना पांडा ने उन पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति महिला के बाल खींचकर उसे फर्श पर घसीटता दिखाई दे रहा है। महिला विरोध करते हुए चिल्लाती नजर आती है और हाथ में झाड़ू लेकर बचाव का प्रयास करती है। वीडियो के अगले हिस्से में महिला को झाड़ू समेत खींचते हुए दिखाया गया है। इसके बाद वह घर से बाहर निकलती नजर आती हैं।
अर्चना पांडा के मुताबिक, यह घटना दो सितंबर की है और उनका आवास कलेक्ट्रेट से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुड्डू पंडित उनके घर में आए और उनके साथ मारपीट की। अर्चना ने गुरुवार को थाने में शिकायत देकर पूर्व विधायक से अपनी जान को खतरा बताया और सुरक्षा की मांग की है।
उन्होंने अपने आवास पर 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी की है। वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से शिकायत और वीडियो के आधार पर की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।





