महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
सदर तहसील क्षेत्र के बागापार गांव में जनता जूनियर हाईस्कूल के निकट स्थित प्राचीन पोखरे के सुंदरीकरण और छठ घाट निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने पोखरे को धार्मिक, पर्यावरणीय और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके विकास की मांग की।
प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि प्राचीन पोखरा लंबे समय से गांव की प्राकृतिक और धार्मिक विरासत का हिस्सा रहा है। पूर्व में पोखरे में कमल के फूल खिलते थे, जिससे इसकी सुंदरता देखते ही बनती थी। देखरेख और आवश्यक विकास कार्यों के अभाव में वर्तमान में पोखरे की स्थिति बेहतर नहीं है।
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने बताया कि पोखरे के आसपास प्रत्येक वर्ष छठ पूजा का आयोजन होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना के लिए यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पोखरे पर सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित छठ घाट की आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पोखरे से सटा जनता जूनियर हाईस्कूल स्थित है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं। पोखरे के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। पोखरे की सफाई, सुंदरीकरण, घाट निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं के साथ विद्यार्थियों को भी सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पोखरे का स्थलीय सर्वेक्षण कराकर सुंदरीकरण, साफ-सफाई, छठ घाट निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने की मांग की। इस दौरान सुरेश गुप्ता, शेषनाथ मोदनवाल, दीपक जायसवाल, मिथिलेश सिंह, कन्हैया शर्मा, हरिहर जायसवाल, रामहरख साहनी, रणविजय, हरेंद्र, दुर्गेश पांडेय, वीरेंद्र पासवान, विनोद गुप्ता, राकेश यादव, कमालुद्दीन, ऐनुद्दीन, अमित और अर्जुन मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






